हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंचकूला स्थित पंचकमल भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित समर्पण कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें समर्पित राजनेता, चिंतक और संगठनकर्ता बताया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि अगर उन्हें दो दीनदयाल उपाध्याय मिल जाएं तो भारत का राजनीतिक नक्शा बदल जाएगा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने यह बात सच कर दिखाई। उन्होंने कहा कि उपाध्याय का मानना था कि जब तक समाज में खड़े अंतिम व्यक्ति को सशक्त नहीं किया जाता, तब तक देश सशक्त नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी विचारधारा पर चलते हुए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। “राष्ट्रसेवा और समर्पण का प्रतीक थे दीनदयाल उपाध्याय” सीएम सैनी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और समर्पण का प्रतीक रहा। उनका मानना था कि कोई भी देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को भुलाकर प्रगति नहीं कर सकता। उनके एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत आज भी मानवता के कल्याण के लिए मार्गदर्शक हैं।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष बन्तो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.