एडीजीपी वाई पूरण कुमार के कथित सुसाइड केस में चंडीगढ़ की एसआईटी ने डीएसपी गुलाब सिंह, अर्बन एस्टेट थाने के तत्कालीन प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार व शिकायतकर्ता शराब ठेकेदार प्रवीण बंसल से 10 घंटे तक पूछताछ की। चंडीगढ़ पुलिस के मुख्यालय में 29 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक पूछताछ चली।
छह अक्तूबर 2025 को अर्बन एस्टेट थाने में एडीजीपी वाई पूरण कुमार के गनमैन रहे हवलदार सुशील कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अगले दिन आरोपी सुशील कुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेज दिया गया था। उसी दिन सात अक्तूबर को चंडीगढ़ में एडीजीपी वाई पूरण कुमार ने सुसाइड कर लिया था।
एडीजीपी की पत्नी आईएएस अमनीत पी कुमार की ओर से चंडीगढ़ पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि छह अक्तूबर को साजिश के तहत रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में एडीजीपी के गनमैन के खिलाफ एफआईआर नंबर 319 दर्ज की गई है। तब वाई पूरण कुमार के पास सुनारिया पीटीसी के आईजी का भी चार्ज था।