हरदा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नेहरू स्टेडियम में 80,000 वर्गफीट की विशाल कलाकृति बनाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया। शनिवार शाम को हुए इस आयोजन में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। यह उपलब्धि विशेष है क्योंकि यह आयोजक टीम का 15वां विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले टीम द्वारा 14 विश्व रिकॉर्ड सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इस आयोजन को सतीश गुर्जर की टीम और भारतीय स्त्री शक्ति ने खिलता कमल जनकल्याण सामाजिक संस्था के सौजन्य से संपन्न कराया। नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 5 विशाल आकृतियां बनाई गईं। इनमें वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर, भारत माता का चित्र, अखंड भारत का मानचित्र और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक (Women’s Logo) शामिल थे। इन कलाकृतियों के माध्यम से महिला शक्ति, राष्ट्र गौरव और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया गया। महिलाओं की सहभागिता से निर्मित यह दृश्य अनुशासन, एकता और ऊर्जा का उदाहरण बना। इस दौरान महिला सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिला होली रंगोत्सव ने आयोजन को उत्सवमय बनाया। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल महिला दिवस मनाना नहीं, बल्कि नारी शक्ति को एक ऐतिहासिक और दृश्य स्वरूप देना था। विश्व रिकॉर्ड में शामिल यह उपलब्धि हरदा जिले के लिए गर्व का विषय है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.