नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को जोधपुर पहुंचकर प्रदेश की कानून व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं से जुड़े सरकारी फैसलों और जोधपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार के दो साल ‘मजाक में निकल गए’ तथा मुख्यमंत्री को ‘कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है’।
कानून-व्यवस्था पर बेनीवाल का निशाना
बेनीवाल ने आरोप लगाया कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है और भय का माहौल समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे की स्थिति ‘पंजाब से भी ज्यादा’ हो चुकी है और अपराध व गैंगवार लगातार बढ़ रहे हैं। जोधपुर पुलिस पर हमला बोलते हुए बेनीवाल ने कहा कि ‘बड़े पदों पर बैठे अधिकारी एक-दूसरे से ज्यादा भ्रष्ट हैं’ और जोधपुर में ‘सारा कूड़ा-कचरा पटक दिया गया है’। उन्होंने कहा कि यहां के नेता भी प्रभावी हस्तक्षेप नहीं कर पा रहे हैं।
फोन टैपिंग विवाद को फिर उठाया
बेनीवाल ने कांग्रेस सरकार के समय फोन टैपिंग को लेकर उठे विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में ‘अशोक गहलोत के करीबी रहे अधिकारी’ अब भाजपा शासन में ‘उच्च पदों पर’ हैं और उनकी ‘भाजपा से नजदीकी बढ़ गई है’। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे अधिकारियों को महत्वपूर्ण पोस्टिंग मिल रही है और वे ‘जमीनों के कामों में लगे हुए हैं’।
इंडिगो एयरलाइंस पर भी नाराजगी
इंडिगो एयरलाइंस की व्यवस्था को लेकर बेनीवाल ने कहा कि एयरलाइन ‘सरकार को चुनौती दे रही है’ और सरकार इसके सामने कुछ नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि जुलाई-अगस्त में लागू किए जाने वाले नियमों से जुड़ी अव्यवस्था के कारण पिछले दो दिनों से यात्रियों की हालत खराब है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुद संदेह था कि उनकी फ्लाइट समय पर चलेगी या नहीं।
यह भी पढ़ें- अंबेडकर पुण्यतिथि: टीकाराम जूली बोले- अंबेडकर सर्किल पर नहीं हुआ सरकारी कार्यक्रम, मूर्ति तक साफ नहीं करवाई गई
भर्ती परीक्षाओं पर सरकार का यू-टर्न
भर्ती परीक्षाओं को लेकर बेनीवाल ने कहा कि बीजेपी सरकार ने आरपीएससी पेपर लीक, एसआई भर्ती सहित कई मुद्दों पर यू-टर्न लिया है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट द्वारा भर्ती रद्द किए जाने पर सरकार ने पहले बयान दिया था कि वे इस फैसले के खिलाफ अपील नहीं करेगी, लेकिन बाद में अपील कर दी। बेनीवाल ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस में अब कोई फर्क नहीं रहा, दोनों एक जैसे हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की टीम में आधा दर्जन लोग ऐसे हैं जो कह रहे हैं कि यह पहला और आखिरी मौका है, जितना लूट सको उतना लूट लो।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.