रतलाम जिला की जावरा तहसील अंतर्गत ग्राम हरियाखेड़ा में सरपंच के खेत पर कार्यरत 45 वर्षीय हाली (नौकर) लक्ष्मीचंद पंवार ने गांव की सार्वजनिक पानी की टंकी पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर सरपंच परिवार और एक पुलिसकर्मी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। पुलिस ने सरपंच, उसके पिता और भाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कर सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। एक एएसआई को लाइन अटैच किया गया है।
जानकारी के अनुसार 20-21 फरवरी की दरमियानी रात लक्ष्मीचंद पंवार ने पानी की टंकी पर रस्सी से फंदा बनाकर जान दे दी। शनिवार सुबह उसके भाई मांगीलाल ने शव देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। टंकी पर बड़े अक्षरों में “पुलिस सुनती नहीं, सरपंच ने मारने की धमकी दी है” लिखा मिला। आशंका है कि यह लिखावट मृतक ने ही आत्महत्या से पहले की।
सूचना पर औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा के शासकीय अस्पताल भेजा गया। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने वीडियोग्राफी कर लिखे गए शब्दों को मिटवाया।
पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर लौट रहे थे, तब जावरा में ओवरब्रिज से उतरकर चौपाटी रोड पर चक्काजाम कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि 11 फरवरी की रात खेत पर सिंचाई के दौरान चोरों की घटना के बाद सरपंच जितेंद्र पाटीदार उर्फ जीतू, उसके पिता पुरुषोत्तम पाटीदार और भाई लोकेश पाटीदार ने उल्टा लक्ष्मीचंद पर आरोप लगाकर उसे थाने भिजवा दिया। आरोप है कि थाने में उसके साथ मारपीट की गई और रुपए की मांग की गई।
ये भी पढ़ें- डिजिटल अरेस्ट गैंग का भंडाफोड़: शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 आरोपी गिरफ्तार, 1.07 करोड़ का माल जब्त
चक्काजाम स्थल पर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार भी पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पिपलौदा तहसीलदार देवेंद्र धानगढ़, जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान व थाना प्रभारी ने समझाइश दी, लेकिन परिजन एफआईआर और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने सरपंच, उसके पिता और भाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया तथा एएसआई आशीष मांगरिया को लाइन अटैच किया, तब जाम समाप्त हुआ।
मृतक के भाई मांगीलाल ने आरोप लगाया कि सरपंच द्वारा पूर्व में भी प्रताड़ित किया गया था और शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। विधायक डोडियार ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.