आजाद समाज पार्टी के प्रदेश प्रभारी दामोदर सिंह यादव ने बुधवार को दतिया स्टेट स्थित अपने निवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक निर्णयों और सामाजिक मुद्दों पर सरकार और स्थानीय नेतृत्व को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक पत्र भेजकर ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में लंबे समय से लंबित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 मार्च तक बाबा साहब की प्रतिमा हाईकोर्ट परिसर में स्थापित नहीं की जाती, तो काशीराम जयंती के अवसर पर वे लाखों साथियों के साथ ग्वालियर हाईकोर्ट का रुख करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हमें मजबूर न करे, वरना हम स्वयं बाबा साहब की प्रतिमा परिसर में स्थापित कर देंगे।
यादव ने दतिया की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रहा है। साथ ही उन्होंने पूर्व गृह मंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल बयानबाजी की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Chhindwara News: बच्ची के लगातार रोने से परेशान मां ने रूमाल से दबाया गला, गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने जेल भेजा
यादव ने कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विधायक बनने का शौक तो पूरा हो गया लेकिन जनता के प्रति जिम्मेदारी निभाने में वे पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं।
डबरा में हाल ही में संपन्न हुई नवग्रह मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने कहा कि जिस भूमि पर यह मंदिर बना है, वह पहले शुगर मिल की भूमि थी। उन्होंने कहा कि यदि इस भूमि का उपयोग किसी यूनिवर्सिटी या गरीब बच्चों की निःशुल्क शिक्षा के लिए किया जाता, तो समाज के लिए अधिक लाभकारी होता। उन्होंने कहा कि मंदिर बनाना गलत नहीं है लेकिन समाज के लिए मंदिर से ज्यादा जरूरी गरीब बच्चों के लिए शिक्षा का मंदिर है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.