ग्वालियर में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। गली मोहल्ला में घूमने वाले आवारा सांड ने एक छह साल के मासूम पर उस समय हमला किया जब वह कोचिंग से लौट रहा था। सांड ने बच्चे को देखते ही हमला कर दिया। बच्चे ने भागने का प्रयास किया तो एक कार के सामने सांड ने फिर उसे घेर लिया और सींग मारे।
इतना ही नहीं जमीन पर पटकर कर सींगों से रौंदता रहा और मासूम चीखता रहा। मासूस के साथ उसकी बहन भी थी जो भाग कर गई और मदद लेकर आई। लोगों ने सांड को भगाया तो मासूम की जान बची। पर सांड के सींग से उसका सिर फट गया। मासूम को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे सिर में 9 टांके आए हैं। शहर के उपनगर मुरार स्थित त्यागी नगर में रहने वाला छह साल का गोविंद लक्षकार फर्स्ट क्लास का छात्र है। गुरुवार की शाम को गोविंद को उसकी बड़ी बहन नंदिनी लक्षकार पास ही गली में कोचिंग से लेकर वापस घर लौट रही थी। जब वह घर वाली गली में दाखिल हुई तो वहां आवारा सांड घूम रहे थे।
नंदिनी और गोविंद को देखते ही एक काले रंग का सांड उनकी तरफ दौड़ता हुआ आया। हड़बड़ाहट में मासूम गिर पड़ा। बहन ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठ पाया तो सांड ने उस पर हमला कर दिया। खुद को बचाने और मदद के लिए नंदिनी ने दौड़ लगा दी। इस पागल सांड मासूम पर टूट पड़ा।
मासूम ने बचने का प्रयास किया पर सांड बेकाबू हो गया
आवारा सांड ने मासूम को अपने सींगों में फंसा लिया और कई बार जमीन पर पटका। यह सब कुछ चंद पलों में हुआ। अपने भाई के साथ यह क्रूरता देख बहन नंदिनी घबरा गई, लेकिन उसने अगले ही पल संभलते हुए हिम्मत दिखाई और दोड़कर आसपास के लोगों को आवाज लगाकर मदद के लिए बुला लिया। जब लोग पहुंचे तो सांड, मासूम को सींगों से रौंद रहा था। तब जाकर लोगों ने सांड को भगाया। यदि कुछ सेकेंड और देर होती, तो बच्चे की जान भी जा सकती थी।
गंभीर घायल है मासूम, सिर में आए नौ टांके
गंभीर रूप से घायल मासूम को तत्काल जिला अस्पताल में बाल एवं शिशु रोग विभाग के पीआईसीयू में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के सिर में 9 टांके आए हैं। जिसके बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। पर मासूम के मन से हादसे की दहशत बाहर नहीं निकल रही है।
पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद
यह पूरा घटनाक्रम घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। गुरुवार रात को सोशल मीडिया पर मासूम पर हमले का एक वीडियो भी सामने आया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.