गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में बिरहेड़ा मोड़ स्थित स्टेडियम में मंगलवार को एक किसान मेले का आयोजन किया गया। यह मेला राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (न्यूट्री-सीरियल्स) वर्ष 2025-26 के तहत आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को मोटे अनाज की खेती के प्रति जागरूक करना और उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम में मार्केट कमेटी फर्रुखनगर के चेयरमैन दौलतराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उप निदेशक कृषि अनिल तंवर ने इसकी अध्यक्षता की। विषय विशेषज्ञ भागेंद्र यादव ने मंच संचालन करते हुए किसानों को कृषि विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज की खेती के लाभों पर विस्तार से चर्चा की। फसलों को रोगों से बचाने के सुझाए दिए कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर से आए विशेषज्ञ भरत सिंह ने किसानों को कीट प्रबंधन से जुड़ी अहम जानकारी दी और फसलों को रोगों से बचाने के प्रभावी उपाय सुझाए। खंड कृषि अधिकारी पवन यादव ने किसानों से विभाग से जुड़कर सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। विभाग के कर्मचारी विकास यादव ने फसल बिक्री के लिए टोकन प्राप्त करने और सत्यापन प्रक्रिया के बारे में किसानों को जानकारी दी। ये लोग मौजूद रहे इस अवसर पर मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन कंवरपाल चौहान, मंडल अध्यक्ष दिनेश यादव (ताजनगर), किसान क्लब के अध्यक्ष मानसिंह सहित रतनलाल, हिमांशु, विष्णु, राकेश, सुरेश, अजयपाल, प्रेमपाल, अशोक, अतुल और योगेश जैसे कई प्रगतिशील किसान और सैकड़ों अन्य किसान मौजूद रहे।