Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है. अब हाईवे और प्रमुख सड़कों पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर FIR दर्ज होगी. 2025 में ऐसे 2 लाख चालान हुए. आदतन और गंभीर मामलों में आपराधिक कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस डेटा के अनुसार वर्ष 2025 में शहर में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के करीब 2 लाख चालान किए गए हैं, जबकि 2024 में यह संख्या 1.8 लाख थी. ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि केवल चालान करने से आदतन नियम तोड़ने वालों पर असर नहीं पड़ रहा, इसी वजह से एफआईआर दर्ज करने का फैसला लिया गया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार अधिकतर मामलों में एफआईआर दोबारा नियम तोड़ने वालों पर दर्ज की जाएगी, लेकिन अगर कोई व्यक्ति हाईवे या मुख्य सड़क पर पहली बार ही गलत दिशा में वाहन चलाते पाया गया, तो उसके खिलाफ भी केस दर्ज हो सकता है. ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की लापरवाह ड्राइविंग, जान को खतरे में डालने और लापरवाही से मौत से जुड़ी धाराएं लगाई जा सकती हैं.
2025 के ट्रैफिक आंकड़े शहर की सड़कों पर बढ़ती अव्यवस्था को भी दर्शाते हैं. इस दौरान 1.1 लाख मामले ओवरस्पीडिंग के, 1.9 लाख गलत पार्किंग के, 79,615 अचानक लेन बदलने के दर्ज किए गए. इसके अलावा बिना हेलमेट 3.9 लाख, ट्रिपल राइडिंग व पिलियन उल्लंघन के 4.5 लाख और मोबाइल फोन इस्तेमाल के 5,812 चालान किए गए.
पुलिस का कहना है कि ये रोजमर्रा की ऐसी लापरवाहियां हैं, जो तेज रफ्तार सड़कों पर हादसों का खतरा बढ़ाती हैं. इसी वजह से अब सख्त कदम जरूरी हो गए हैं. ट्रैफिक विभाग ने साफ किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की निगरानी लगातार की जाएगी और लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है.
About the Author

पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.