Gurugram Latest News : डीएलएफ फेस-2 में बुधवार सुबह साइकिल से सैर पर निकले 58 वर्षीय व्यापारी की कार की टक्कर से मौत हो गई. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी कार चालक साहिल को गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास न लाइसेंस था और न कार का कोई कागज. हादसे में उपयोग की गई कार भी बरामद कर ली गई है और कार मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है.
सड़क हादसे में व्यापारी की दर्दनाक मौत
बुधवार सुबह गुरुग्राम डीएलएफ फेस-2 इलाके में साइकिल से रोजाना की तरह सैर पर निकले 58 वर्षीय व्यापारी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
बिना लाइसेंस चल रही थी कार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी साहिल. उम्र 20 वर्ष. निवासी गांव टाटनगर झारखंड. वर्तमान पता 22 फुट रोड SGM नगर फरीदाबाद. हादसे के समय कार चला रहा था, जबकि उसके पास कोई वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. जांच में यह भी सामने आया कि जिस कार से हादसा हुआ वह बिना किसी वैध कागजात के चल रही थी. आरोपी साहिल एक नाइट क्लब में हेल्पर का काम करता है. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बिना लाइसेंस कार चला रहा था और तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
कार मालिक भी गिरफ्तार
एक्सीडेंट में उपयोग की गई कार के मालिक गगनदीप नागर. उम्र 40 वर्ष. निवासी नवादा जिला फरीदाबाद. को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गाड़ी के कागजात तक मौजूद नहीं थे और बिना कागजात तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति देना गंभीर अपराध है. इस आधार पर कार मालिक के खिलाफ भी नियमानुसार धाराएं जोड़कर कार्रवाई की गई है.
गैर-इरादतन हत्या की धाराएं जोड़ी गईं
पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास लाइसेंस न होने के बावजूद वाहन चलाना और उससे किसी की मृत्यु होना बेहद गंभीर मामला है. इसी आधार पर अभियोग में गैर-इरादतन हत्या की धाराएं भी जोड़ी गई हैं. घटना में इस्तेमाल हुई कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है. आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. कार मालिक गगनदीप नागर भी अब पुलिस हिरासत में है.
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद इलाके में रोष देखा गया. लोगों ने कहा कि बिना लाइसेंस और बिना कागजात वाहनों का चलना आम बात हो गई है, जिससे हादसों की संख्या बढ़ रही है. पुलिस ने आश्वस्त किया है कि ऐसे मामलों में सख्त अभियान चलाया जाएगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.