लुधियाना जिले में रायकोट थाना सिटी पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मौलवीया मोहल्ला, रायकोट निवासी हार्दिक बाठला के रूप में हुई है। उस पर अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर लोगों में डर फैलाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी ब्रेजा और स्कॉर्पियो कारों में घूमते हुए अवैध हथियारों से फायरिंग करता था और वीडियो बनवाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल करता था, जिसका उद्देश्य शहर में दहशत का माहौल बनाना था। थाना सिटी रायकोट के एएसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार से फायरिंग कर उसके वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और एक ब्रेजा कार बरामद की है। अवैध पिस्टल की बरामदगी के लिए आरोपी को जगराओं की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एएसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। अवैध हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस आपराधिक कृत्य में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति भंग करने और लोगों में डर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.