गुना पुलिस ने जिले के अलग-अलग इलाकों से गुम या चोरी हुए 213 मोबाइल फोन खोजकर उनके असली मालिकों को वापस लौटा दिए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने कंट्रोल रूम में सभी मोबाइल मालिकों को बुलाकर उन्हें उनके फोन सौंप दिए हैं और फिलहाल सभी फोन सुरक्षित रूप से उनके धारकों के पास पहुंच चुके हैं। SP अंकित सोनी ने बताया कि जिले में आमजन के खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन खोजने के लिए एक सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिलेभर से मिले गुम मोबाइलों के आवेदनों को गंभीरता से लिया गया। पुलिस की तकनीकी टीम ने प्रयास करते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से इन 213 मोबाइलों को बरामद करने में सफलता हासिल की है।
‘मोबाइल निजी और व्यावसायिक जीवन से जुड़ा है’
इस अवसर पर SP अंकित सोनी ने कहा, “आधुनिक युग में मोबाइल फोन न केवल संचार का माध्यम है, बल्कि आमजन के निजी और व्यावसायिक जीवन से भी गहराई से जुड़ा होता है। पुलिस का यह प्रयास जनता में विश्वास कायम रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” इसके साथ ही गुना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने में सूचना दर्ज करवाएं, जिससे समय रहते उसकी रिकवरी की जा सके। इन अधिकारियों और तकनीकी टीम की रही भूमिका
मोबाइल सौंपते समय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर, सीएसपी प्रियंका मिश्रा, एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना, एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे और एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा मौजूद रहे। इस पूरी रिकवरी में सायबर सेल प्रभारी आरक्षक कुलदीप यादव, नीलेश रघुवंशी, भूपेन्द्र खटीक, अभय रघुवंशी, नवदीप अग्रवाल, संजय जाट, राजीव रघुवंशी, आदित्य कौरव, कोतवाली से नीरज रघुवंशी सहित सभी थानों और अन्य राज्यों के CEIR पोर्टल पर काम कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.