गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना छतरपुर गांव के पास सुबह करीब सात बजे हुई। विपरीत दिशा से आ रहे एक कार और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। जबकि अनाज से लदा ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद कार चालक का शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घंटों की मशक्कत के बाद निकाला गया शव सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कार चालक का शव वाहन के अंदर फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों के प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रक चालक को मौके से हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। ट्रक चालक ने अपना नाम दक्षिणेश्वर बंगाली बताया है। उसने पुलिस को बताया कि वह राशन का चावल लेकर जा रहा था। उसके अनुसार कार चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, इसी कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। ट्रक चालक को इस दुर्घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई है। जारी के रिगनिटोली का है मृतक चालक पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर JH01Q 3111 है, जो डूमरी की ओर से आ रही थी, जबकि ट्रक (नंबर JH 02W 7481) गुमला की ओर से जा रहा था। छतरपुर गांव के पास एक तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। कार से पुलिस ने एक मोबाइल फोन बरामद किया था। फिंगर लॉक होने के कारण तत्काल मृतक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान अशोक कुमार खलखो (पिता पीटर खलखो) के रूप में हुई, जो जारी थाना क्षेत्र के रिगनिटोली गांव के निवासी थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.