शाहजहांपुर/ रोजा। होली के नजदीक आते के साथ ही रंग-बिरंगी पिचकारियों की दुकानें सजने लगीं हैं। व्यापारियों ने बड़ों के लिए गुलाल सिलिंडर और इलेक्ट्रानिक गन मंगाई है तो बच्चों को कार्टून पिचकारी के साथ ही गदा, हथौड़ा वाली पिचकारी आकर्षित कर रही हैं। पिचकारी की खरीदारी भी शुरू हो गई है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदार शहर से थोक में पिचकारियां लेने आ रहे हैं।
त्योहार पर कई तरह की पिचकारियों ने बाजार में दस्तक दी है। लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित गुलाल सिलिंडर कर रहा है। इसे एक बार नॉक करने के बाद रंग-बिरंगा गुलाल सभी को सराबोर कर देगा। इसमें दो से लेकर पांच किलो गुलाल तक भरा जा सकता है। साथ ही कंपनी से दोबारा रिफिल भी करा सकते हैं।
व्यापारियों के अनुसार, साढ़े सात सौ रुपये के सिलिंडर में दो किलो व दो हजार वाले सिलिंडर में पांच किलो गुलाल आ सकता है। इसी तरह इलेक्ट्रानिक गन का भी काफी क्रेज है। इसकी कीमत 250 से 1500 सौ रुपये तक है। इसका बटन दबाने के साथ ही रंग निकलेगा। यह भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
इसी तरह त्रिशूल, गदा, हथौड़ा, तलवार और डमरू पिचकारी बच्चों को खूब पसंद आ रही है। ये सौ से लेकर दो सौ रुपये तक उपलब्ध है। इसी तरह खिलौनों वाली पिचकारी भी बिक रही है। टू-इन-वन कलर, रंगीन गिलास और विभिन्न प्रकार के मास्क की बिक्री भी शुरू हो गई है।
—–
स्वदेशी से रंगीन होगा पर्व
इस बार स्वदेशी पिचकारी ही बाजार में छाई हुई है। चीनी उत्पाद नजर नहीं आ रहे हैं। होली पर अभी कुछ दुकानें ही बाजार में लगी हैं। जल्द ही सदर बाजार, बहादुरगंज, जलालगर बजरिया, स्टेशन रोड, चौक आदि में दुकानों की भरमार होगी।
———–
गुलाल सिलिंडर और इलेक्ट्रानिक गन की सबसे ज्यादा मांग है। बच्चों के लिए विभिन्न तरह की पिचकारी बाजार में आई हैं। कम से लेकर ज्यादा कीमत तक की पिचकारी उपलब्ध हैं।
– अमन गुप्ता, व्यापारी
—
होली के लिए कई तरह की पिचकारी आई हैं। बच्चे कार्टून, गदा और त्रिशूल वाली पिचकारी को पसंद कर रहे हैं। बड़ों के लिए टैंक आए हैं। खरीदारी का दौर शुरू हो गया है।
– शिवम गुप्ता, व्यापारी
शिवम गुप्ता, व्यापारी

शिवम गुप्ता, व्यापारी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.