दरअसल शुक्रवार को पंजाब मेल से यात्रा कर रही मुंबई निवासी हर्षा मलतानी ने इटारसी की जीआरपी थाना पुलिस को शिकायत की थी कि ट्रेन से उनका पर्स चोरी हो गया है, जिसमें 10 हजार रुपए नगद के साथ ही 578 ग्राम चांदी की सिल्ली और एक मोबाइल था। घटना खंडवा स्टेशन के पास की होने के चलते इटारसी पुलिस ने मामला जीरो पर दर्ज कर खंडवा जीआरपी को भेजा। इधर खंडवा जीआरपी थाना प्रभारी प्रकाश सेन ने जीआरपी एवं आरपीएफ की एक टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की खोजबीन शुरू की।
ये भी पढ़ें- टैगोर के तीखे तेवर: दिग्विजय सिंह ने आरएसएस वाली टिप्पणी पर दी दो टूक सफाई, कांग्रेस के भीतर सियासी बहस तेज
इस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक शहर की तीन पुलिया के पास एक बैग लेकर खड़ा है। जीआरपी टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम आनंद पिता नारायण ठाकरे (32) निवासी जसवाड़ी रोड माता चौक जगदम्बा पूरम बैंक ऑफ इंडिया के सामने वाली गली में थाना कोतवाली जिला खंडवा का रहने वाला बताया। संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसके बैग से सात मोबाइलों के साथ ही चोरी गई चांदी की सिल्ली और नगदी 5 हजार रुपये बरामद हुए। इस तरह आरोपी के पास से कुल 3 लाख 6 हजार रुपये का माल बरामद हुआ।
आरोपी आनंद ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने ही खाकी ड्रेस पहन कर ट्रेन नं 12137 पंजाब मेल एक्सप्रेस के कोच बी 3 की बर्थ नं 66 पर सो रही एक महिला का लेडीज पर्स चोरी किया था। इसमें से उसे चांदी की सिल्ली, मोबाइल और नगदी मिले थे। वहीं बाकी मोबाइल के आईएमईआई नम्बर से सर्चिंग की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसका रिमांड लेकर और भी चोरियों के खुलासे करने की तैयारी कर रही है।