ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार नाले की दीवार तोड़कर पानी से भरे बेसमेंट में जा गिरी। कई घंटों की मशक्कत के बाद कार चालक का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची थीं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 12:30 बजे हुई। पीआरवी के माध्यम से थाना नॉलेजपार्क को सूचना मिली कि सेक्टर-150 मोड़ पर एक कार नाले की बाउंड्री तोड़कर मॉल के बेसमेंट में भरे पानी में गिर गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फायर स्टेशन, एसडीआरएफ/एनडीआरएफ को सूचित किया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी चालक को बचाने का प्रयास किया गया। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार को मृत अवस्था में बाहर निकाला। मृतक की पहचान युवराज (27 वर्ष) पुत्र राजकुमार मेहता के रूप में हुई है, जो सेक्टर-150 नोएडा का निवासी था। युवराज टाटा कंपनी में कार्यरत था और रात में अपनी ड्यूटी से घर लौट रहा था। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.