गोपालगंज में RJD को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू ने राजद छोड़कर जनता दल यूनाइटेड (JDU) का दामन थाम लिया है। पटना में जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद गोपालगंज पहुंचने पर उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में रेयाजुल हक राजू ने राजद नेतृत्व पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि राजद अब कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं रही, बल्कि ‘धन्नासेठों’ की पार्टी बन गई है। राजू ने आरोप लगाया कि RJD में ‘डिटेक्टरशिप’ चलती है और वह अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है। उन्होंने तेजस्वी यादव की पार्टी को ‘खत्म’ बताया, जिसकी ‘कुछ सांसें बची हुई हैं’। ”जब तक शरीर में सांस रहेगी, पार्टी नहीं छोड़ेंगे” जेडीयू में शामिल होने के अपने फैसले पर राजू ने कहा, “मैंने यह सदस्यता इस नियत से ली है कि गोपालगंज ही नहीं, पूरे बिहार में घूमकर जेडीयू को मजबूत करूंगा।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों का प्रचार करने का वादा किया और कहा कि जब तक उनके शरीर में सांस रहेगी, वह यह पार्टी नहीं छोड़ेंगे। राजू ने नीतीश कुमार की नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार का विकास केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही संभव है। उन्होंने जेडीयू को एक ऐसी पार्टी बताया जहां कार्यकर्ताओं का सम्मान सुरक्षित है और जो ‘न्याय के साथ विकास’ के मंत्र पर काम कर रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं के भी JDU में शामिल होने की संभावना रेयाजुल हक राजू का राजद छोड़ना गोपालगंज में लालू प्रसाद यादव की पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। राजू की अल्पसंख्यक समुदाय और स्थानीय युवाओं के बीच गहरी पैठ है, जिसका सीधा फायदा JDU को मिल सकता है। उनके साथ कई स्थानीय कार्यकर्ताओं के भी JDU में शामिल होने की संभावना है, जिससे जिले में NDA का पलड़ा भारी हो सकता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.