अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के बीच सोना और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। यूनाइटेड स्टेट्स, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। जिसकी वजह से रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अब सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों में सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में करीब 3000 रुपए की कमी दर्ज की गई है, जबकि चांदी की कीमत प्रति किलो 11 हजार रुपए तक घट गई है। कीमतों में गिरावट के बाद बाजार में एक बार फिर ग्राहकों की हलचल बढ़ने लगी है और खरीदारी में तेजी देखने को मिल रही है। जयपुर के सर्राफा व्यापारी राकेश खंडेलवाल ने बताया कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का सबसे ज्यादा असर वैश्विक बाजारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले सोने की कीमत तेजी से बढ़कर करीब 1 लाख 70 हजार रुपए तक पहुंच गई थी। उस समय कई निवेशकों ने मुनाफा वसूली (प्रॉफिट बुकिंग) की थी, लेकिन बाजार की स्थिति में बदलाव के कारण अब कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। उनके अनुसार यही वजह है कि सोना करीब 3000 रुपए तक सस्ता हुआ है, जबकि चांदी की कीमत में भी 11 हजार रुपए तक की कमी आई है। आने वाले कुछ दिनों में भी सोने और चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रह सकता है। जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से जारी ताजा भाव के अनुसार 24 कैरेट स्टैंडर्ड सोने की कीमत 1 लाख 62 हजार 200 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं 22 कैरेट सोना 1 लाख 51 हजार 700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। 18 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 26 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम है, जबकि 14 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख रुपए के आसपास बनी हुई है। इसके अलावा चांदी की कीमत भी घटकर 2 लाख 66 हजार रुपए प्रति किलो तक आ गई है। व्यापारियों का कहना है कि कीमतों में आई गिरावट के बाद बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है, ऐसे में मौजूदा शादियों के सीजन को देखते हुए खरीदारी और बढ़ने की संभावना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.