गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत अमजो गांव में मंगलवार रात बच्चा चोरी की अफवाह ने अचानक तनाव की स्थिति पैदा कर दी। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक युवक देर रात गांव के एक घर में घुस गया था। घर में मौजूद करीब 10 वर्षीय बच्ची ने अजनबी को देखते ही शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्ची की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। युवक को पकड़ लिया गया और उसे बच्चा चोर समझते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद युवक को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस उसे थाने ले आई, जहां उससे पूछताछ की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। पूछताछ के दौरान वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार युवक नारायणपुर (जामताड़ा) इलाके का निवासी बताया जा रहा है। अफवाहों से सावधान रहने की अपील, जांच जारी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। युवक के परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, ताकि उसकी पहचान और स्थिति स्पष्ट हो सके। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। कानून को अपने हाथ में न लें। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.