गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ। गांडेय-मधुपुर मुख्य मार्ग पर पंदनियां के पास एक मालवाहक 407 वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक
मृतक की पहचान बिनोद सिंह के रूप में हुई है, जो निजी काम से गांडेय की ओर जा रहे थे। पंदनियां के पास एक तेज रफ्तार मालवाहक 407 वाहन ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिनोद सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार दूसरा युवक हुकुम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोजपुर गांव के निवासी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल हुकुम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गांडेय पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। घायल का इलाज जारी है और बेहतर उपचार के लिए उसे रेफर भी किया जा सकता है।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर गांडेय-मधुपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। जाम की सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी गुलाम गौस हुस्सामी, इंस्पेक्टर कमाल खान और गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। लगभग एक घंटे तक पुलिस और प्रशासन के समझाने-बुझाने के बाद, सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे में शामिल मालवाहक 407 वाहन को भी जब्त कर लिया गया है, और उसके चालक व खलासी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.