गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनियाडीह स्थित सीसीएल परियोजना कार्यालय के समीप शुक्रवार देर रात कोयला लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में आजसू पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सह ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष कंपू यादव समेत पांच लोग घायल हो गए। मारपीट की सूचना मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मुफ्फसिल थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। लोडिंग में गड़बड़ी के आरोप से भड़का विवाद घायल कंपू यादव ने बताया कि सीसीएल द्वारा एक ट्रक में 25 टन कोयला लोड किया जाना था, लेकिन कांटा पंच केवल 15 टन का किया गया। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कर्मियों और ट्रक से जुड़े लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद उनके साथियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। दोनों पक्षों से पांच लोग घायल इस मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से कुल पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में कंपू यादव के अलावा युवराज सिंह, महेश कुमार यादव और दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी को अलग-अलग तरह की चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन कुछ घायलों को निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद सीसीएल परियोजना क्षेत्र में कामकाज कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सीसीएल परियोजना क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.