ढकोली से मुबारकपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर घग्गर नदी के ऊपर बना काजवे (पुलिया) बड़े हादसे का कारण बन सकता है। तेज बहाव के कारण हुए कटाव से सड़क का एक बड़ा हिस्सा अंदर से पूरी तरह खोखला हो चुका है। ऊपर से देखने पर सड़क सामान्य प्रतीत होती है, लेकिन नीचे से मिट्टी खिसक जाने के कारण डामर की एक पतली परत ही बची है। इससे सड़क कभी भी धंस सकती है। इस मार्ग से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क में कंपन महसूस होता है। मौके पर नहीं कोई चेतावनी बोर्ड लोगों को आशंका है कि यदि कोई वाहन किनारे की तरफ चला गया, तो सड़क का हिस्सा अचानक धंस सकता है और वाहन सीधे नदी में गिर सकता है। इलाका वासियों का आरोप है कि यह समस्या हर साल बरसात में आती है, लेकिन संबंधित विभाग केवल मिट्टी की बोरियां डालकर अस्थायी मरम्मत कर देता है। इस बार हालात पहले से ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। रात के समय दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा खतरा है, क्योंकि मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है। मजबूत रिटेनिंग वॉल बनाने की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए काजवे के किनारों पर मजबूत रिटेनिंग वॉल बनाई जाए। साथ ही, रात के समय के लिए पर्याप्त लाइटें और चेतावनी संकेत लगाए जाएं। उन्होंने यहां एक नए और मजबूत पुल के निर्माण का काम जल्द शुरू करने की भी अपील की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई गुलाब सिंह ने बताया कि नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुछ तकनीकी कारणों से काम शुरू होने में देरी हुई है, लेकिन जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काजवे की अस्थायी मरम्मत करवाई जाएगी और चेतावनी संकेत भी लगाए जाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.