आगरा में नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ओसवाल फाउंडेशन ने शहर में अपना सेवा विस्तार किया है। फाउंडेशन की ओर से बुधवार को सिकंदरा चौराहे पर जरूरतमंदों के लिए अपने चौथे भोजनालय का शुभारंभ किया गया। मात्र 10 रुपये में पौष्टिक और भरपेट भोजन की व्यवस्था शुरू होते ही चौराहे पर लोगों की कतार लग गई।
ओसवाल फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रसादम के माध्यम से गरीबों और राहगीरों की भूख मिटाने का कार्य कर रहा है। संजय प्लेस, हरीपर्वत चौराहा और लेडी लॉयल अस्पताल के बाद अब सिकंदरा चौराहे पर मंदिर के पास पंडित जी पूरी वाले के यहां यह भोजनालय शुरू किया। दिन के 11 से दोपहर 3 बजे तक जरूरतमंद भोजन प्राप्त कर सकते हैं। थाली में 6 पूड़ी, दो सब्जी, रायता, अचार के साथ पेठा दिया जाएगा।
फाउंडेशन की शोभा जैन ने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि शहर का कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, इसके लिए आने वाले समय में शहर के हर कोने में ऐसे भोजनालय खोले जाएंगे। वहीं, नरेश जैन ने कहा कि फाउंडेशन केवल भोजन ही नहीं, बल्कि चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में भी जरूरतमंदों की मदद के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस दौरान स्वाति जैन, बलवीर वर्मा, राजेश शर्मा, राजेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.