पूर्णिया में गेहूं से लदे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक स्कूटी सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर अमौर थाना क्षेत्र के हलालपुर काली मंदिर के समीप हुई है। इस सड़क हादसे ने न केवल दो जिंदगियां छीन लीं, बल्कि दो परिवारों के उन सपनों को भी कुचल दिया जो सात समंदर पार एक बेहतर जिंदगी की उम्मीद में बुने गए थे। मृतक की पहचान रंगामाटी निवासी मो. नूरजमाल (36) और नहराकोल निवासी मो. फिरोज (24) के रूप में की गई। वहीं, घायल खताटोली निवासी मो. अजमल है।
परिजनों के अनुसार, नूरजमाल और फिरोज दोनों ने विदेश जाकर कमाने का फैसला किया था। दोनों युवक दुबई जाने की तैयारी में थे। रविवार को वे घर से इसी सिलसिले में जरूरी पैसे का इंतजाम करने और कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए अमौर निकले थे। उनके मन में उम्मीद थी कि विदेश जाकर वे अपने परिवार की आर्थिक तंगी को दूर कर सकेंगे, लेकिन घर लौटने के दौरान काल बनकर आए ट्रक ने सब कुछ खत्म कर दिया। उन्होंने बताया कि वे हलालपुर काली मंदिर के पास पहुंचे थे, जहां विपरीत दिशा से आ रहे गेहूं लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पिछला चक्का उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। दोनों युवकों के शव क्षत-विक्षत हो गए, जिसे देख वहां मौजूद लोगों की रूह कांप गई।
इस हादसे की चपेट में एक स्कूटी सवार युवक मो. अजमल भी आ गया, जो गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से अमौर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को मुआवजा मिले। जैसे ही यह खबर रंगामाटी और नहराकोल गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया। नूरजमाल और फिरोज के घरों में कोहराम मचा है। परिजनों का कहना है कि वे सुबह खुशी-खुशी अपने भविष्य की योजनाएं बनाकर निकले थे, उन्हें क्या पता था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।
घटना की सूचना मिलते ही अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया गया है। चालक और ट्रक मालिक की पहचान की जा रही है। परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.