कार्यकर्ताओं ने पूर्व पीएम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित किया।
अरवल में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय के अटल सभागार में ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक समारोह का आयोजन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम प्रभारी जिला उपाध्यक्ष गिरेन्द्र ने किया। विधायक मनोज कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी सहित कई कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विधायक मनोज कुमार ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक ने नई पीढ़ी से भी वाजपेयी के जीवन से प्रेरणा लेकर देशहित में स्वयं को समर्पित करने का आग्रह किया, ताकि विकसित भारत का संकल्प पूरा हो सके और गांव, गरीब, किसान व नौजवानों की समृद्धि हो।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी बूथ अध्यक्षों का अंगवस्त्र और अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एक राजनेता के तौर पर जितने सराहे गए हैं, उतना ही प्यार उनकी कविताओं को भी मिला है। उनकी कई कविताएं उनके व्यक्तित्व की परिचायक बन गईं और उन्होंने जीवन को देखने का उनका नजरिया दुनिया के सामने रखा।
तिवारी ने आगे कहा कि उनके जीवन से बहुत कुछ सीखने को मिलता है, खासकर आज की पीढ़ी को उनके लिखे हुए साहित्य और उनकी रचनाधर्मिता से स्वयं को योग्य बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी त्याग और तपस्या की प्रतिमूर्ति थे, और उनका आशीर्वाद सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को निरंतर मिलता रहेगा।
जिला महामंत्री संजीव कुमार ने सभी कार्यकर्ताओं से अटल जी की जीवन शैली और कार्यशैली से प्रेरणा लेने की अपील की। वहीं, जिला मंत्री अमृत राज उपाध्याय ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा रचित कविता “बेनक़ाब चेहरे हैं, दाग़ बड़े गहरे हैं टूटता तिलिस्म आज सच से भय खाता हूँ” का पाठ किया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.