पटियाला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पंजाब पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) अमर सिंह चहल ने सोमवार को अपने घर में सुरक्षाकर्मी की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को छाती में गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
उन्हें पटियाला-राजपुरा रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मौके से 12 पेज का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जो मुख्य रूप से पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव के नाम संबोधित है।
इस सुसाइड नोट में चहल ने साइबर ठगों द्वारा खुद के साथ हुई 8.10 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का विस्तार से जिक्र किया है। उन्होंने गहरे मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान का दर्द बयां किया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, जिसमें ठगी के आरोपों की भी पड़ताल शामिल है।
अस्पताल पहुंचे एसपी (सिटी) पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि पूर्व आईजी के दोस्तों ने सोमवार को ही पुलिस के साथ एक नोट साझा किया था, जिसमें आशंका जताई थी कि चहल आत्महत्या जैसा कदम उठा सकते हैं।