रोहतास जिले के पहाड़ी इलाकों से भटककर रिहाइशी क्षेत्र में पहुंचे एक अत्यंत दुर्लभ जीव पैंगोलिन को रोहतास वन विभाग की टीम ने बुधवार को रेस्क्यू किया। मामला चेनारी थाना क्षेत्र के हरनापुर गांव का है, जहां ग्रामीणों ने जंगल से भटके एक अनोखे जीव को गांव में घूमते देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
ग्रामीणों में दिखा कौतूहल, समय पर दी गई सूचना
गांव में पैंगोलिन के दिखाई देने के बाद लोगों में काफी उत्सुकता देखी गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तरह-तरह की चर्चाओं के बीच जंगली जीव की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाई और तुरंत वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची और पैंगोलिन को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया।
जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया में जुटा विभाग
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम पैंगोलिन को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ने की प्रक्रिया में जुट गई है। विभाग की ओर से बताया गया कि जंगली जीव की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।
पैंगोलिन पर मंडरा रहा विलुप्ति का खतरा
वज्रशल्क या पैंगोलिन फोलिडोटा गण का एक स्तनधारी प्राणी है, जिसके शरीर पर केराटिन से बने शल्क होते हैं। खतरा महसूस होने पर यह खुद को गेंद की तरह सिकोड़ कर बचाव करता है। पैंगोलिन शल्कों वाला एकमात्र ज्ञात स्तनधारी है, जो मुख्य रूप से अफ्रीका और एशिया में पाया जाता है। भारत में इसे सल्लू सांप भी कहा जाता है। वनों की कटाई और अवैध तस्करी के कारण पैंगोलिन की सभी जातियां संकटग्रस्त मानी जाती हैं और उन पर विलुप्ति का गंभीर खतरा बना हुआ है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.