कार्रवाई के दौरान दो.अधिकारी मौजूद रहे।
भिंड जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ शिकंजा कसने के लिए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की संभागीय उड़नदस्ता टीम ने बुधवार 24 दिसंबर 2025 को शहर में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान मिठाई दुकानों और डेयरियों से घी, पनीर, छेना, दूध, पेड़ा और नमकीन के सैंपल लिए गए।
हालांकि पूरी पारदर्शिता के लिए गठित चार सदस्यीय टीम में से सिर्फ दो अधिकारी ही मौके पर पहुंचे, जिससे कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।
संभागीय फूड सेफ्टी टीम ने सबसे पहले शहर के पुस्तक बाजार में कार्रवाई करते हुए पंडित रामबाबू सहित तीन मिठाई दुकानों से घी और पनीर के सैंपल भरे। इसके बाद टीम ई-रिक्शा के माध्यम से द्वारिका पेड़ा हाउस पहुंची, जहां पेड़ा और नमकीन के सैंपल लिए गए।
आगे की कार्रवाई में गोल मार्केट स्थित जय कुमार पेड़ा हाउस से चॉकलेट बर्फी और पनीर का सैंपल लिया गया। इसके साथ ही छेना भंडारों और डेयरियों पर भी जांच की गई।
आईटीआई क्षेत्र में एमजेएस कॉलेज के सामने स्थित अरविंद छेना भंडार (प्रो. अरविंद बघेल) और मुन्नेश छेना भंडार (प्रो. मुन्नेश बघेल) से छेना के सैंपल लिए गए। वहीं रघुवेंद्र डेयरी (प्रो. रघुवेंद्र तोमर), आईटीआई भिंड से मिक्स्ड मिल्क और घी के सैंपल तथा अमन डेयरी (प्रो. शिशुपाल सिंह भदौरिया) से मिक्स्ड मिल्क का सैंपल भरा गया।
कार्रवाई के दौरान आईटीआई क्षेत्र में अन्य चिलर प्लांट की मौजूदगी की सूचना मिलते ही संबंधित संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।सूत्रों के अनुसार संभागीय स्पेशल उड़नदस्ता दल में कुल चार अधिकारियों को शामिल किया गया था।
इसमें रवि शिवहरे (फूड सेफ्टी ऑफिसर, गुना), सतीश शर्मा (ग्वालियर), गिरीश राजौरिया और दल प्रभारी अवनीश शर्मा (मुरैना) के नाम थे।
बुधवार को भिंड में कार्रवाई के दौरान सिर्फ गिरीश राजौरिया और अवनीश शर्मा ही मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि रवि शिवहरे ने टीम में शामिल होने से दूरी बना ली, जबकि सतीश शर्मा की ड्यूटी केंद्रीय मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर विशेष रूप से ग्वालियर में लगी हुई थी।
ऐसे में चार सदस्यीय टीम के स्थान पर दो अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर विभागीय स्तर पर भी चर्चाएं तेज हैं और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.