झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज ठंडा बना रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 जनवरी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है।
इसके बाद दिन में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। यह स्थिति मध्य झारखंड, दक्षिणी झारखंड, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में समान रूप से देखने को मिलेगी।
रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है। वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार, सिंहभूम क्षेत्र और संथाल परगना के जिलों में भी हल्का कोहरा छाने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने कोहरे के कारण सुबह वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
सुबह का कुहासा बारिश की हल्की फुहार की तरह लग रही है।
रात और सुबह ठंड, दिन में राहत
राज्य में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
रांची और आसपास के क्षेत्रों में 27 दिसंबर को अधिकतम 21 और न्यूनतम 7, 28 दिसंबर को 22 और 8, 29 दिसंबर को 23 और 9 तथा 30 दिसंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इससे साफ है कि सुबह और रात की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में शीतलहर
मौसम विभाग ने 27 दिसंबर को पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर देखा जा सकता है। 28 दिसंबर से 1 जनवरी तक किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। राज्य में फिलहाल कोई महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया। अधिकतम तापमान में अधिकांश स्थानों पर 2 डिग्री तक का ही उतार-चढ़ाव रहा।

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस गुमला में रहा। रांची में अधिकतम 21.4 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 26 से 30 दिसंबर के बीच अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 2 से 4 और रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
संथाल के जिलों में चढ़ेगा पारा
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री तक जाने का अनुमान है। पलामू, लातेहार, गढ़वा और चतरा में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि रांची, हजारीबाग और कोडरमा में यह 7 से 10 डिग्री के बीच बना रह सकता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.