राजस्थान में घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है, जिससे कई शहरों के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को जैसलमेर, बीकानेर और बाड़मेर समेत कुछ शहरों में दिन का तापमान 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। कोहरे के कारण प्रदेश में हवाई और रेल यातायात भी प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में हल्के से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आने वाले 2 से 3 दिनों में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हो सकती है।
इधर, ठंड के साथ बढ़ता प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मंगलवार सुबह जयपुर, भिवाड़ी और जैसलमेर समेत कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। भिवाड़ी में सुबह 5 बजे AQI 356 रिकॉर्ड हुआ, जबकि जैसलमेर में यह स्तर 350 के आसपास रहा, जो बेहद खतरनाक माना जाता है। जयपुर, बीकानेर, कोटा, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में भी AQI 200 से ऊपर रहा।
यह भी पढें- राजस्थान अरावली विवाद क्या है: आखिर क्या है 100 मीटर का सच, 2010 और 2025 की परिभाषा में कितना फर्क?
पिछले 24 घंटों में जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं सहित जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी और कोटा में कोहरा छाया रहा। कई शहरों में दृश्यता 200 मीटर से भी कम रही, जिससे दोपहर तक मौसम प्रभावित रहा। सोमवार को करौली प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई और सीकर के पास फतेहपुर में लंबे समय बाद पारा 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा। सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान पाली में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.