पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के जलगोविंद गांव में अलाव तापने के दौरान हुए विवाद में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ भेज दिया। इधर, शव वाहन उपलब्ध नहीं होने से करीब दो घंटे तक शव अस्पताल परिसर में पड़ा रहा। इससे आक्रोशित परिजनों ने नाराजगी जताई। परिजनों का कहना है कि लापरवाही की हद पार हो गई। अस्पताल प्रबंधन को इस मामले को गंभीरता से लेनी चाहिए।
घटना शनिवार देर रात की है। घायल युवक की पहचान 40 वर्षीय धर्मवीर पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, धर्मवीर को तीन गोलियां लगी थीं। गोली लगने के बाद उसे आननफानन में अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। पटना में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अलाव ताप रहा था, इसी दौरान हुआ विवाद
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि धर्मवीर अपने घर के पास कुछ लोगों के साथ अलाव ताप रहा था। इसी दौरान आरोपी पक्ष से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकों ने पेट में एक गोली लगने की पुष्टि की थी, जिसके बाद उसे पटना रेफर किया गया था।
शव को गांव भेजने की व्यवस्था की गई
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। इधर, घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव वाहन नहीं मिलने से परिजन खासे नाराज दिखे और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। बाद में स्थानीय प्रशासन की पहल पर शव को गांव भेजने की व्यवस्था की गई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.