मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के चौरगांव बिदं टोला में शुक्रवार देर शाम आपसी वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच कई राउंड गोलीबारी हुई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।
गोलीबारी की यह घटना मोती बिंद और साखो बिंद के गुटों के बीच होने की जानकारी मिली है। दोनों पक्ष क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए एक-दूसरे से भिड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राय, अपर थाना प्रभारी श्रीराम कुमार, एएसआई अमित कुमार, बलराम यादव और चंदन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने भाग रहे अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन घने कोहरे का फायदा उठाकर वे भागने में सफल रहे।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गोलीबारी से पहले दोनों पक्षों के बीच पथराव की घटना भी हुई थी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राय ने बताया कि यह घटना आपसी वर्चस्व स्थापित करने को लेकर हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। मामले में गोली चलाने वाले आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.