फाजिल्का की एमसी कॉलोनी में मोबाइल छीनने की एक घटना सामने आई है, जिसने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुकिंग का काम करने वाली पूजा नामक युवती रोज की तरह अपने काम पर जा रही थी। उसने बताया कि जब वह अपनी मैडम को फोन करने के लिए मोबाइल निकाल रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल छीनने की कोशिश की। पूजा के अनुसार उसने करीब 15 मिनट तक एक युवक को पकड़कर विरोध किया और मोबाइल बचाने का प्रयास करती रही। किसी ने नहीं की पीड़िता की मदद इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, लेकिन आखिरकार वे मोबाइल छीनकर फरार हो गए। सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय आसपास लगभग 10 से 15 लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी युवती की मदद नहीं की और न ही पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे एडवोकेट कामेश्वर गुंबर ने बताया कि पूजा उनके यहां कुकिंग का काम करती है और रोजाना घर आती है। उन्होंने कहा कि घटना उनके घर के बाहर हुई, लेकिन लोगों ने मूकदर्शक बने रहना ही बेहतर समझा। इस घटना के बाद इलाके में रोष है और पीड़िता इंसाफ की मांग कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.