फाजिल्का जिले के जलालाबाद स्थित भाई मतीदास कॉलोनी से घरेलू विवाद का एक मामला सामने आया है। मोहल्ले में उस समय हंगामा हो गया जब महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आरोप है कि दुबई से वापस लौटे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और साली के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार परिवार में लंबे समय से सास-बहू के बीच विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते बहू कमलप्रीत कौर को उसके ससुर ने अलग कर दिया था। दो साल पहले हुई थी शादी कमलप्रीत कौर ने बताया कि उसकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी। जब वह आठ महीने की गर्भवती थी, तभी उसका पति उसे छोड़कर दुबई चला गया था। इसके बाद घर में सास के साथ अनबन बढ़ती गई, जिसके चलते ससुर ने उसे अलग मकान में रहने के लिए मजबूर कर दिया। कमलप्रीत कौर का आरोप है कि उसका ससुर अक्सर उनके घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने के लिए आता था और इस दौरान भी कई बार विवाद हुआ। महिला ने अपने ससुर पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। वहीं महिला का कहना है कि अब जब उसका पति दुबई से वापस लौटा तो वह सीधे अपने माता-पिता के घर चला गया। पति पर हथियार से हमला करने का आरोप लेकिन जब वह गाड़ी खड़ी करने के लिए उनके घर आया, तो कथित तौर पर उस पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके घर मौजूद उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गईं। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई पीड़िताओं के बयान दर्ज करने के बाद की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.