पंजाब के फाजिल्का जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने वरायटी स्टोर के नाम पर खाता खुलवाकर फ्रॉड पेमेंट का लेनदेन करने वाले गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कुल 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें चार को नामजद किया गया है जबकि पांच अज्ञात आरोपी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब 25 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अबोहर के गांव सरदारपुरा निवासी मनदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव भाई केरा में मेन रोड पर एक वैरायटी स्टोर खोला हुआ है। उसके स्टोर पर योगेश और सिद्धार्थ नेहरा अक्सर आते-जाते थे। साल 2023 में दोनों ने मनदीप को बताया कि राजस्थान में इस तरह की दुकानें नहीं हैं और वे मिलकर वहां एक बड़ा जनरल स्टोर खोलना चाहते हैं। आरोपियों ने मनदीप को भरोसे में लेकर कहा कि वह केवल पैसे इन्वेस्ट करे, जबकि दुकान का संचालन वे खुद करेंगे। इस बहाने उन्होंने मनदीप से अबोहर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा में एक करंट खाता खुलवाया। खाते के जरिए किया फ्रॉड ट्रांजेक्शन पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मनदीप के खाते का इस्तेमाल करते हुए लगभग 25 लाख रुपए से अधिक की फ्रॉड पेमेंट का लेनदेन किया और विभिन्न राज्यों के लोगों से ठगी की। बाद में जब मनदीप को खाते में संदिग्ध लेनदेन का पता चला, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। चार नामजद, पांच अज्ञात आरोपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिद्धार्थ नेहरा, योगेश झोरड़, छोटू उर्फ विकास कुमार जाखड़, सोमिल गोदारा सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.