जगरांव के गांव मानूके में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गगनदीप सिंह (32) पुत्र गुरदीप सिंह के रूप में हुई है, जो तीन बच्चों का पिता था।
जानकारी के अनुसार गगनदीप सिंह गांव के ही एक युवा कबड्डी खिलाड़ी की मदद करता था। इसी रंजिश के चलते सोमवार को गांव की अनाज मंडी के पास हथियारबंद हमलावरों के एक समूह ने उस पर गोलियां चला दीं। बचने के लिए गगनदीप खेतों की तरफ भागा, लेकिन गोलियां लगने से वह खून से लथपथ गिर पड़ा। घटना के बाद गगनदीप को उसका भाई और गांव के लोग तुरंत जगरांव सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही हठूर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि कबड्डी खिलाड़ी से जुड़ी रंजिश के कारण ही उनके बेटे की हत्या की गई है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।