कानपुर-कासगंज रेल मार्ग पर सोमवार तड़के घने कोहरे के बीच तीन स्थानों पर अलग-अलग ट्रेनों की चपेट में आने से नौ गोवंशों की मौत हो गई। इसमें गांव नगला दाऊद स्थित नवीन मंडी के पास गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से सात गोवंशों की मौत होने से करीब 20 मिनट ट्रेन खड़ी रही। दो अन्य स्थानों पर हुए हादसों में दो गोवंशों की और मौत हुई हुई है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के नगला दाऊद स्थित नवीन मंडी के निकट सोमवार तड़के करीब 4:17 बजे गोवंशों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। तभी फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22,921 से गोवंशों का झुंड टकरा गया। इससे सात गोवंशों की मौत हो गई। एक गर्भवती गाय का पेट फटने से गर्भ में पल रहा बच्चा भी बाहर आ गया और उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रेन झटका देकर रुक गई। जानकारी पर गुमटी पर तैनात कर्मचारी मौके पर पहुंच गया और रेलवे ट्रैक साफ किया गया। करीब 20 मिनट बाद ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना हुई। सुबह करीब आठ बजे घटना की जानकारी पर अखिल भारतीय गौरक्षा महासंघ के प्रदेश महामंत्री अब्दुल जब्बार, जिलाध्यक्ष हरिगिरि, ब्लाक अध्यक्ष शिवम ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रभारी थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्रा को दी। इसके बाद नगर पंचायत की जेसीबी से गड्ढा खोदकर शवों का अंतिम संस्कार किया गया। इसके अलावा दूसरे हादसे में सुबह करीब सात बजे गौसपुर गुमटी के निकट मालगाड़ी की चपेट में आने से एक गोवंश की मौत हो गई।
तीसरा हादसा शेखपुर के पास हुआ। यहां भी ट्रेन से कटकर गोवंश की मौत हुई। पर यह पता नहीं चल सका कि किस ट्रेन से गोवंश टकराया है। वहां गोवंश शव क्षतविक्षत में पड़ा होने पर जानकारी हो सकी। अखिल भारतीय गोरक्षा संघ के कार्यकर्ताओं ने पहुंच पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से गड्ढा खोदकर शवों को दफनाया। ब्लाक अध्यक्ष शिवम ठाकुर ने बताया कि उन्होंने घटना के संबंध में बीडीओ को बताया और मदद की मांग की तो उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.