फर्रुखाबाद जिले में पर्यावरण संरक्षण की खातिर करोड़ों रुपये खर्च कर कटरी धर्मपुर वन क्षेत्र में वन विभाग की ओर से लगाए गए सैकड़ों शीशम के पेड़ काट दिए गए। पेड़ कटने के बाद पौधरोपण क्षेत्र में शेष बची जड़ें कटान का सच बयां कर रही हैं। वन विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की शह व लापरवाही का विभाग को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। शहर से करीब सात किमी दूर कटरी धर्मपुर में वन विभाग का 1500 हेक्टेयर वन क्षेत्र है। इसमें वन विभाग कई साल से शीशम, फाइकस, बेजीना, कदम, नीम आदि प्रजातियों के पौधों का रोपण कर रहा है।
वर्ष 2017 में इस वन क्षेत्र में 600 पौधे लगाए गए थे। इस वन क्षेत्र में सबसे अधिक शीशम के 25 से 30 फीट ऊंचाई के पेड़ लगे हैं। वन क्षेत्र में लाखों रुपये कीमत के शीशम पेड़ों की रखवाली के लिए कर्मचारियों की तैनाती रहती है। मगर उन्हीं की लापरवाही और मिलीभगत से इस वन क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में पेड़ों का कटान हुआ है। इन पेड़ों की मोटाई एक से दो फीट तक है। पेड़ काटने वालों ने उनकी जड़ों को निकाला तक नहीं है। एक से दो-दो फीट ऊंची जड़ें पेड़ों के कटाने की गवाही दे रही हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.