फरीदकोट में थाना सिटी पुलिस ने दो दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद की रंजिश में युवक की हत्या करने के मामले में नामजद दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान भान सिंह कॉलोनी निवासी खुशप्रीत सिंह और गांव पिपली निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई। जिनके खिलाफ मृतक न्यू कैंट रोड निवासी दिलप्रीत सिंह के पिता गुरप्यार सिंह के बयान पर केस दर्ज किया गया था। बता दें कि मंगलवार-बुधवार की रात फरीदकोट के चांद मैरिज पैलेस के बाहर 28 वर्षीय दिलप्रीत सिंह की तेजधार हथियार (किरच) से वार कर हत्या कर दी गई थी। वह अपने दोस्त अनिल रावत की शादी में परिवार सहित शामिल होने आया था। शादी से दो दिन पहले जागो कार्यक्रम के दौरान दिलप्रीत सिंह की अपने दोस्त खुशप्रीत सिंह के साथ मामूली कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते शादी वाली रात खुशप्रीत ने अपने साथी बलविंदर सिंह के साथ मिलकर दिलप्रीत की हत्या की थी। रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस- डीएसपी डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही थी और अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.