ईरान-इजराइल के बीच चल रहे युद्ध के बीच फरीदकोट जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई को लेकर जिला प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति की नियमित समीक्षा की जा रही है। गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों को दी हिदायत उन्होंने बताया कि, गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे सप्लाई को सुचारू रूप से बनाए रखें और किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी पैदा न होने दें। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन या गैस की खरीद करें। डीसी ने आगे बताया कि जिले में निगरानी और जांच के लिए फूड सप्लाई विभाग की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की स्थिति पर नजर रखेंगी। ब्लैक मार्केटिंग, जमाखोरी या स्टोरेज पर होगी कार्रवाई- डीसी डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्थान पर अफवाह फैलाने, एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की ब्लैक मार्केटिंग, जमाखोरी या स्टोरेज का मामला सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति या संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह सतर्क है और लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से प्रशासन के साथ सहयोग करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.