फरीदकोट जिले में पुलिस की मुस्तैदी के चलते उस समय बड़ा हादसा टल गया जब एक कैंटर में ले जाए जा रहे सीएनजी गैस के 40 सिलेंडर एक साथ लीक होने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया। जानकारी के अनुसार सीएनजी गैस से भरे करीब 40 सिलेंडर लेकर जा रहा कैंटर जब फरीदकोट जिले के जैतो–कोटकपूरा रोड पर पहुंचा तो अचानक सिलेंडरों के वाल्व लीक हो गए और सभी सिलेंडरों से गैस निकलने लगी। इसकी सूचना मिलते ही डीएसपी जैतो इकबाल सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत सड़क पर ट्रैफिक बंद करवा कर उसे डायवर्ट किया और मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुला लिया। इस दौरान कैंटर के ड्राइवर हरीश कुमार ने बहादुरी और समझदारी दिखाते हुए एक-एक कर सभी सिलेंडरों के वाल्व ठीक कर दिए, जिससे गैस का रिसाव बंद हो गया और बड़ा हादसा होने से टल गया।
बहादुरी दिखाने पर पुलिस ने ड्राइवर का सम्मान किया इस मामले संबंधी डीएसपी इकबाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ.प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और ट्रैफिक डायवर्ट करने सहित सभी जरूरी प्रबंध किए गए। उन्होंने बताया कि कैंटर ड्राइवर हरीश कुमार की बहादुरी को देखते हुए एसएसपी फरीदकोट डॉ प्रज्ञा जैन की ओर से उसे नकद इनाम और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.