Surajkund Mela Accident News : सूरजकुंड मेला हादसे पर हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा का विवादित बयान सामने आया है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने ने कहा कि पीड़ितों की प्रति हमारी संवेदना है. रोजाना झूले का सर्टिफिकेशन होता है. घटना वाले दिन भी सर्टिफिकेशन हुआ, लेकिन परमात्मा परमेश्वर की मर्जी से हादसा हो गया. हरियाणा सरकार की ओर से मैं इस हादसे की चपेट में आने वालों को संवेदना व्यक्त करता हूं. उधर, झूला दुर्घटना में 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. दूसरे संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है. हादसे में दो महिला कांस्टेबल भी घायल हुई हैं.
हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा.
राज्य के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि पीड़ितों की प्रति हमारी संवेदना है. रोजाना झूले का सर्टिफिकेशन होता है. आज सुबह (घटना वाले दिन) भी सर्टिफिकेशन हुआ, लेकिन परमात्मा परमेश्वर की मर्जी से ये हादसा हो गया.
गहन जांच
पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह हादसा बेहद ही दु:खी करने वाला है. यह एक दु:खद घटना है. हरियाणा सरकार की ओर से मैं इस हादसे की चपेट में आने वालों को संवेदना व्यक्त करता हूं. इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान दे दी है. हादसे में दो महिला कांस्टेबल भी घायल हुई हैं. उधर, पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2, प्रभारी क्राइम ब्रांच NIT और उप निरीक्षक संजय, थाना सूरजकुंड की एक तीन सदस्यीय विशेष अनुसंधान टीम (SIT) गठित की गई है. टीम की ओर से वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर गहन जांच की जा रही है. मेला परिसर में झूले लगाने वाली कंपनी हिमाचल फन केयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर निवासी गांव टोका नंगला, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) और एक अन्य आरोपी नितेश निवासी धर्मपुरी, सदर मेरठ कैंट (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है. अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है.
आर्थिक सहायता का वादा
घटना के बाद अजय सिंघल और सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद में निरीक्षक जगदीश प्रसाद के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने ड्यूटी के दौरान घायलों को बचाने का सराहनीय प्रयास किया. उनका निधन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत दुःखद है. विभाग परिवार को यथासंभव आर्थिक सहायता प्रदान करेगा और अनुकंपा नीति के अंतर्गत पात्र सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों का भी हालचाल जाना. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस घटना में कुल 12 व्यक्ति घायल हुए थे, जिनमें महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम, महिला सिपाही शर्मिला, राजेश (SPO), हर्ष प्रकाश, प्रशांत, अमीषा, परविंदर, सुनील, शिवानी, बलबीर, अनुज और पूजा शामिल हैं. इनमें से 5 घायलों को उपचार उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. शेष घायलों की स्थिति सामान्य है. उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
About the Author
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.