फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र सेक्टर-24 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में हुए भीषण आगजनी और केमिकल ड्रम ब्लास्ट मामले में छठे दिन एक और मौत हो गई। मुजेसर थाने में तैनात पीएसआई रवि ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दर्दनाक अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। यह हादसा सोमवार शाम करीब 4:30 बजे मुजेसर क्षेत्र में स्थित शिव स्टील और कालका जी लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में हुआ था। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। वर्कशॉप में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाकों और आग की चपेट में आकर 35 से अधिक लोग झुलस गए थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों का इलाज जारी, कई की हालत गंभीर घायलों को तुरंत निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को दिल्ली रेफर किया गया। हादसे के चौथे दिन वर्कशॉप मालिक के 25 वर्षीय बेटे अभिषेक मोंगा और कर्मचारी प्रदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। दोनों की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। फायर ब्रिगेड कर्मचारी और पुलिसकर्मी ने भी तोड़ा दम पांचवें दिन फायर ब्रिगेड कर्मचारी भविचंद्र (48 वर्ष) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। अब छठे दिन पीएसआई रवि, जो कैथल जिले के गांव क्योड़क के निवासी थे, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु को प्राप्त हो गए। प्रशासन और विभागों में शोक, जांच जारी लगातार हो रही मौतों से पुलिस विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर है। पुलिस ने संबंधित वर्कशॉप संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.