फरीदाबाद के गांव मंधावली में बुधवार सुबह रास्ते में सीढ़ी लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार करीब 7 युवकों ने घर के बाहर खड़े चाचा-भतीजे की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घर के बाहर खड़े थे चाचा-भतीजा पीड़ित शिवरतन ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था, उसके साथ उसका भतीजा जतिन भी मौजूद था। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो उनके घर के सामने आकर रुकी। गाड़ी से गांव के ही युवक आशीष और यशु उतरे और बिना किसी बात-चीत के जतिन के साथ मारपीट शुरू कर दी। कट्टा दिखाकर डराने का आरोप पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान यशु ने कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। जब शिवरतन ने भतीजे को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनके साथ भी जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया। मारपीट के बाद आरोपी फरार घटना के बाद सभी आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायलों को अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया गया। सूचना मिलने पर तिगांव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस बोली अब तक नहीं मिली शिकायत तिगांव थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष गांव के ही रहने वाले हैं और रास्ते में सीढ़ी लगाने को लेकर विवाद हुआ था। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.