मुंगेर जिले के शामपुर थाना क्षेत्र के कुरावा गांव में बीती रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव निवासी 13 वर्षीय किशोर अमित कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके बड़े चाचा और अन्य परिजनों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सनसनी का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, अमित रात में अपनी बहनों के साथ घर में अलग-अलग कमरों में सो रहा था। देर रात जब बहनों की नींद खुली और अमित कमरे में नहीं मिला, तो उसकी तलाश शुरू की गई। खोज के दौरान जब वे छत पर बने कमरे में पहुंचीं, तो अमित जमीन पर गिरा हुआ मिला और उसके गले पर रस्सी या दबाव का निशान दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया।
आनन-फानन में परिजन अमित को खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रविवार अहले सुबह घटना की सूचना शामपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया।
बेटे को मृत अवस्था में पाया
मृतक के पिता नागो बिंद ने बताया कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। वे अपनी पत्नी के साथ साले गब्बर सिंह के घर पर सो रहे थे। देर रात बेटी के फोन से उन्हें सूचना मिली कि अमित की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। घर पहुंचने पर उन्होंने बेटे को मृत अवस्था में पाया।
ये भी पढ़ें- Bihar: कानून से ऊपर कोई नहीं, निर्दोष को डर नहीं; दोषी को बख्शा नहीं जाएगा हाजीपुर में बोले चिराग पासवान
इनके खिलाफ हत्या का आरोप लगाया
पिता ने आरोप लगाया कि उनका अपने बड़े भाई प्रकाश बिंद से पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में प्रकाश बिंद ने अन्य लोगों के साथ मिलकर अमित को उसके कमरे से उठाया और छत के कमरे में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि अमित के गले पर दबाव के स्पष्ट निशान थे। इस मामले में परिजनों ने प्रकाश बिंद समेत नंदन बिंद, घोषण बिंद, विकास कुमार, मिथलेश बिंद और चंदन बिंद के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि अमित पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
इस संबंध में शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.