छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में नकली दवा प्रकरण की जांच अब बड़े स्तर पर पहुंच चुकी है। गोगांव के ट्रांसपोर्ट में पकड़ी गई संदिग्ध दवाइयों की कड़ी जब यहां जुड़ी तो औषधि निरीक्षकों की टीम सीधे सारंगढ़ पहुंची, जहां सरस्वती मेडिकल स्टोर्स से जुड़े संचालक के घर की तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में दवाइयां मिलीं, जिनकी कीमत लगभग पचास लाख रुपये बताई जा रही है। खुलासा हुआ है कि दवा कारोबारी ने अपने घर को ही अवैध गोदाम में बदल रखा था और बड़ी मात्रा में दवाइयां यहां जमा की जा रही थीं। इनमें ज्यादातर जेनेरिक दवाएं थीं, जिनमें पेनकिलर, कफ सिरप और सर्दी-जुकाम की दवाइयां प्रमुख रूप से शामिल हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार यह कारोबारी नकली दवा प्रकरण में भी संदेह के दायरे में है।
शनिवार को रायपुर और रायगढ़ से पहुंचे खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारियों ने व्यापारी खेमराम केसरवानी के निवास स्थान में सर्च की कार्रवाई की। बताया जाता है कि दुकान के अलावा घर के पीछे विशेष रूप से बनाया गया स्टोर भी मिला, जहां बड़ी मात्रा में बिना किसी वैध दस्तावेज के दवाइयां रखी गई थीं। सुरक्षित तरीके से स्टोरेज के नियमों का पालन भी नहीं किया गया था। अधिकारियों ने इसे अवैध भंडारण मानते हुए मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले उसकी दुकान से भी संदिग्ध दवाइयां जब्त की गई थीं, जिनका रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया जा सका था।
खेमराम का नाम गोगांव में बरामद नकली दवाइयों के मामले से भी जुड़ता दिख रहा है। जांच में सामने आया है कि उसके मोबाइल से उसी दवा की तस्वीरें मिली हैं, जो ट्रांसपोर्ट में पकड़ी गई थीं। सूत्रों का कहना है कि मेडिकल स्टोर्स और गोगांव में मिले बिल के संस्थान का नाम एक जैसा होना भी जांच टीम को उसके पास तक लाने की बड़ी वजह बना। यही कारण है कि संदेह और गहराता जा रहा है।
इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए अब जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है। रायपुर और रायगढ़ के अधिकारियों की संयुक्त टीम न सिर्फ स्थानीय स्तर पर जांच आगे बढ़ाएगी, बल्कि प्रकरण से जुड़े तारों को जोड़ने के लिए जल्द ही इंदौर भी रवाना होगी। जांच एजेंसियों का कहना है कि जब तक पूरा नेटवर्क स्पष्ट नहीं हो जाता, कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.