जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में जंगल सुरक्षा में तैनात एक श्रमिक पर जंगली हाथी के हमले से वन विभाग में हड़कंप मच गया। यह घटना सोमवार की है, जब श्रमिक रोजाना की तरह जंगल में गश्त पर निकला हुआ था। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले उमरिया जिला अस्पताल और बाद में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षा श्रमिक जंगल के निर्धारित बीट क्षेत्र में पैदल गश्त कर रहा था। इसी दौरान घनी झाड़ियों में छिपे एक जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हाथी ने श्रमिक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद हाथी मौके से जंगल की ओर वापस चला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद अन्य वनकर्मियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। घायल श्रमिक को एंबुलेंस की मदद से उमरिया जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी पसली और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें होने की पुष्टि की। हालत नाजुक होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया।
ये भी पढ़ें: शिक्षिका की हैवानियत: होमवर्क नहीं किया तो सिर फोड़ा, अमानवीय रूप से दीवार पर पटका, बचाने आई बहन की भी पिटाई
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बांधवगढ़ क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। बीते कुछ दिनों से हाथियों के दल कोर और बफर जोन में सक्रिय देखे जा रहे हैं, जिससे वनकर्मियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी खतरा बढ़ गया है। इसी को देखते हुए कर्मचारियों को गश्त के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने और समूह में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। प्रभावित इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही वनकर्मियों की सुरक्षा को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी करने की तैयारी की जा रही है।
घटना से स्थानीय स्तर पर चिंता का माहौल है। वन श्रमिकों ने जंगल में काम के दौरान सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.