पूर्णिया जिले में शनिवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। डगरूआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसोनी टोल प्लाजा के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार महिला और पुरुष की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद एनएच पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों की पहचान डगरूआ के दरियारपुर पंचायत अंतर्गत चकदो गांव निवासी मोहम्मद अब्दुल करीम की पत्नी तैजुन निशा (60 वर्ष) और मोहम्मद काफिल के पुत्र मोहम्मद अहसान (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि दोनों शनिवार को एक ही बाइक पर सवार होकर किसी मामले में तारीख (पेशी) के लिए पूर्णिया कोर्ट आए थे। देर शाम जब वे अपनी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वापस गांव लौट रहे थे, तभी दालकोला चेक पोस्ट की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रक को घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डगरूआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया।
पढे़ं: समस्तीपुर पहुंचे दरभंगा प्रमंडल के नए डीआईजी, अपराध व सीएम कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की
मृतक तैजुन निशा के बारे में बताया गया कि उनके पति की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी, अब उनकी मौत से घर में कोई सहारा नहीं बचा है। वहीं मो. अहसान के परिजनों ने धार्मिक या व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है, जिसे लेकर पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। फिलहाल, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.