टिविनिंग ऑफ स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय इन्दौर के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने +2 एस जे के उच्च विद्यालय कैथना का शैक्षणिक परिभ्रमण किया। इस अवसर पर आगंतुक शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने चेतना सत्र से लेकर विद्यालय बंद होने तक आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस संबंध में +2 एस जे के उच्च विद्यालय कैथना के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रेम शंकर पाल ने जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आदान-प्रदान से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बल मिलता है और विद्यालयों के बीच आपसी सहयोग मजबूत होता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद, अनुभव साझा करना तथा शैक्षणिक नवाचारों से परिचित कराना रहा। परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, पुस्तकालय, प्रयोगशाला तथा विभिन्न विषयों में अपनाई जा रही नवीन शिक्षण पद्धतियों को नजदीक से देखा और समझा। चेतना सत्र में विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर उत्क्रमित उच्च विद्यालय इन्दौर के प्रधानाध्यापक किशोर कुमार अपने शिक्षक दल एवं छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि टिविनिंग ऑफ स्कूल
जैसी पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अन्य विद्यालयों की शैक्षणिक संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है। इससे शिक्षकों को भी अपने शिक्षण कौशल को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.