रांची के नैतिक कुमार ने जेईई मेन में 99.97 परसेंटाइल लाकर सिटी टॉपर का गौरव हासिल किया है. उनकी सफलता का मंत्र सोशल मीडिया से दूरी, रोजाना 12 घंटे की पढ़ाई और सीमित संसाधनों का बार-बार अभ्यास रहा. ‘एक किताब को 10 बार’ पढ़ने की रणनीति और नियमित मॉक टेस्ट के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया.
सोशल मीडिया से दूर
नैतिक ने अपनी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय सोशल मीडिया से दूरी को दिया है. उनका मानना है कि आज के दौर में फोन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वक्त की बर्बादी का सबसे बड़ा कारण हैं. उन्होंने बताया कि अपनी तैयारी के दौरान वे किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय नहीं थे. फोन का इस्तेमाल वे केवल तभी करते थे जब बहुत अधिक आवश्यक हो. समय की इसी बचत ने उन्हें पढ़ाई पर पूरी तरह केंद्रित रहने में मदद की, जिससे वे जटिल विषयों को गहराई से समझ सके.
लिमिटेड रिसोर्स में तैयारी
उनकी स्ट्रेटजी का एक मुख्य हिस्सा ‘लिमिटेड रिसोर्स’ यानी सीमित संसाधन था. नैतिक का कहना है कि 10 अलग-अलग किताबों को पढ़ने के बजाय एक ही अच्छी किताब को 10 बार पढ़ना अधिक फायदेमंद होता है. उन्होंने कोचिंग मटेरियल, एनसीईआरटी और केवल एक रेफरेंस बुक को अपना आधार बनाया. उनका सिद्धांत स्पष्ट था, जब तक एक कॉन्सेप्ट पूरी तरह समझ न आ जाए, तब तक दूसरे टॉपिक पर नहीं जाना है. भले ही एक कॉन्सेप्ट को समझने में कई दिन लग जाएं, लेकिन वे उसकी जड़ तक जाने में विश्वास रखते थे.
रात 2ः30 बजे तक पढ़ाई
पढ़ाई के शेड्यूल की बात करें तो नैतिक रोजाना 12 घंटे समर्पित करते थे. वे सुबह 7 बजे उठ जाते थे और रात के 2:30 बजे तक पढ़ाई और रिवीजन का सिलसिला चलता था. उन्होंने हर विषय को समान समय दिया और रिवीजन पर विशेष जोर दिया. नैतिक के अनुसार, मॉक टेस्ट सफलता की कुंजी है. टेस्ट देने से उन्हें अपनी कमजोरियों का पता चला, जिस पर उन्होंने बाद में कड़ी मेहनत की इसी. निरंतर सुधार की प्रक्रिया ने उनके कमजोर पॉइंट्स को भी उनकी मजबूती बना दिया.
नैतिक की इस यात्रा में रांची के ब्रदर्स अकादमी के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. उन्होंने बताया कि कई बार तनाव और थकान के कारण मन हार मानने लगता था, लेकिन शिक्षकों के मोटिवेशन ने उन्हें रुकने नहीं दिया. शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उनके आत्मविश्वास को बनाए रखा. अब नैतिक का अगला लक्ष्य IIT दिल्ली से कंप्यूटर इंजीनियरिंग करना है, जिसके लिए वे पूरी एकाग्रता के साथ जेईई एडवांस की तैयारी में जुट गए हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.